केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय मजदूर संघ ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर तत्काल महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।
संघ के देहरादून प्रभारी अवनीश कांत उपाध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण औद्योगिक गतिविधियों में गिरावट हुई है। बेरोजगारी, वेतन कटौती और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमत में लगातार बढ़ोतरी से आम जन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। डीजल, पेट्रोल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आमजन परेशान हैं। जिला मंत्री पंकज शर्मा ने सभी कामगारों को इस विषम परिस्थिति में एकजुट होकर सरकार से लड़ने का आह्वान किया। पदम सिंह धामंदा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और महंगाई से आम जनमानस प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारियों में सुनील कुमार मेहता, रेनू नगी, आरती थापा, संगीता रानी, सुमित्रा चौहान, लक्ष्मी कुकरेती, आनंदी गोदियाल, संजू कंडारी, सविता देवी, विजय कुमार मौजूद रहे।