युवक ने एक युवती को टाइम पूछने को रोका और मोबाइल लूटकर भाग गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की तो 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और उसने नशा खरीदने के लिए ही मोबाइल लूटा था।
इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी सतबीर सिंह बिष्ट ने बताया कि मुकेश कुमार निवासी रूप नगर, बद्रीपुर ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी से एक बदमाश ने मोबाइल लूट लिया है। जोगीवाला चौकी प्रभारी ने मामले की जांच की और आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक युवक को देखा गया।
बुधवार सुबह एक युवक को माजरी माफी स्थित लीची के बाग से पकड़ा गया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक सिंह निवासी माजरी माफी बताया। उसने बताया कि वह नशे का आदी है। कुछ दिन से उसके पास पैसे नहीं थे। ऐसे में उसने लूट की योजना बनाई। इस मोबाइल को वह बेचने के लिए ले जा रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी आपराधिक इतिहास के बारे में पता किया जा रहा है।