नशा तस्करी के आरोप में पुलिस ने एक बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 385 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
प्रेमनगर थानाध्यक्ष कुलदीप पंत ने बताया कि बंसीवाला क्षेत्र में नशा तस्कर के पहुंचने की सूचना मिली। क्षेत्र में चेकिंग करते हुए पुलिस ने एक आरोपी की तलाशी ली। उसकी पहचान अरविंद कुमार निवासी पट्टी चौधराइन, थाना बड़ौत, जिला बागपत (यूपी) हाल निवासी राजेश्वरनगर, रायपुर के रूप में हुई। आरोपी पिछले करीब सात साल से दून में रहकर बिल्डिंग मैटेरियल सप्लाई का काम करता है। बीते कुछ समय से कारोबार सही नहीं चलने पर वह नशा के धंधे में उतरा।
पूछताछ में बताया कि वह यहां पर हॉस्टल वाले क्षेत्रों में नशा बेचता है। बुधवार को भी वह हॉस्टल में नशा बेचने जा रहा था। पुलिस को उससे पूछताछ में कुछ और भी जानकारियां हासिल हुई हैं। माना जा रहा है कि उसके साथ में कई और भी लोग जुड़े हो सकते हैं। यह नशे की खेप वह हिमाचल और इससे आसपास से लेकर आया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुट गई है।