नौकरी के लिए घर से इंटरव्यू देने जा रही युवती सड़क हादसे का शिकार हो गई। अचानक अनियंत्रित हुआ उसका स्कूटर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
पटेलनगर कोतवाल इंस्पेक्टर रविंद्र यादव ने बताया कि मनीषा (21) पुत्री अश्विनी निवासी अजबपुर कलां जीएमएस रोड स्थित कोरियर कंपनी में नौकरी करती थीं। सुबह घर से स्कूटी लेकर निकली। आईएसबीटी तिराहे से पहले मुस्कान चौक के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली के बायीं ओर से गुजर रही थी।
इसी दौरान अनियंत्रित होकर उसकी स्कूटी रोड साइड को पलट गई। पास से गुजर रहे ट्रैक्टर के पीछे चल रही ट्राली के पहिये के नीचे आ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती के परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।