राजधानी देहरादून में शनिवार को दिन भर साइलेंट वीवीआईपी मूवमेंट रहा। देश का सबसे वीआईपी घाराना दून में है लेकिन शहर की सड़कों को इसका आभास तक नहीं रहा।
प्रियंका गांधी अपने पति राबर्ट वाड्रा के साथ गुरुवार को ही देहरादून पहुंच गई थीं। और शनिवार को यूपीए की चेयरपर्सन व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे। पूरी गांधी फैमिली राजभवन के गेस्ट हाउस में रुकी है।
दून स्कूल के कार्यक्रम को लेकर पूरा गांधी परिवार दिन भर से देहरादून में है। बेटी और दामाद तीन दिन पहले ही दून पहुंच गए थे। और सोनिया गांधी व उनके पुत्र राहुल गांधी शनिवार की दोपहर देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट से दोनों सीधे राजभवन गए। जहां पहले से ही बेटी प्रियका और दामाद राबर्ट वाड्रा रुके थे।
इस वीवीआईपी मूवमेंट के चलते राजभवन की सुरक्षा पूरी तरह से चाक चौबंद कर दी गई है। किसी को भी मिलने मिलाने की इजाजत नहीं है। नीली जींस व कुर्ता पहने राहुल ने कुछ देर अपनी मां के साथ राजभवन परिसर में ही चहलकदमी भी की। पूरे राजभवन परिसर को एसपीजी (स्पेशल प्रोटक्शन ग्रुप) ने अपने कब्जे में ले रखा है। बाहर व गेट के अंदर तक देहरादून पुलिस व पीएसी की कई स्थानों पर नाकेबंदी की गई है।
डोंट डिस्टर्ब, दिस इज पर्सनल विजिट
माग्रेट आल्वा के राज्यपाल रहते हुए जब एक बार सोनिया गांधी व उनका परिवार इसी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचा तो कांग्रेसी नेता मिलने पहुंच गए। लेकिन गांधी फैमिली का यह बेहद व्यक्तिगत दौरा था, इसलिए सोनिया को नेताओं का मिलना अच्छा नहीं लगा। इसके बाद व्यवस्था को पूरी तरह से बदल दिया गया। अब जब भी हर साल गांधी फैमिली दून आती है तो राजभवन में मौखिकली मगर अधिकृत तौर पर यह आदेश जारी किया जाता है कि यह निहायत व्यक्तिगत आगमन है, इसलिए किसी को भी मिलने की इजाजत नहीं होगी। यह आदेश चार दिन पहले ही दे दिया गया था।
लाटसाहब ने एयरपोर्ट पर ही किया इस्तकबाल
सामान्य फ्लाइट से लगभग बारह बजे दिल्ली से लौट रहे राज्यपाल डा.अजीज कुरैशी जैसे ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उन्होंने देहरादून आने के बजाय यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी व उनके पुत्र राहुल का इंतजार किया। लगभग डेढ़ बजे सोनिया व राहुल चार्टर्ड प्लेन से जौलीग्रांट पहुंचे तो वहां पर राज्यपाल ने दोनों से शिष्टाचार भेंट के दौरान पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।