वन विभाग की टीम ने जंगल में निर्माणाधीन भवनों का मलबा डालने पर चार वाहनों को सीज किया है। स्थानीय लोग लगातार जंगल में अवैध डंपिग की शिकायत कर रहे थे। इस पर संयुक्त टीम का गठन कर कई जगह दबिश दी गई।
मलबा जंगल में फेंककर मसूरी की हरियाली को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस पर पर्यावरणविद् कई बार चिंता जता चुके हैं। पिछले दिनों कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की समीक्षा बैठक में भी लोगों ने इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। इसी कड़ी में डीएफओ अमित कंवर ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जंगल में मलबा फेंकने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। चार पिकअप वाहनों को मौके पर पकड़कर सीज किया गया है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।