फूड प्वाइजनिंग से एक ही परिवार के चार सदस्य बीमार हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत में अब सुधार है। जौरासी क्षेत्र के सेरासोनेरी गांव में धर्मराम के परिवार में उसकी पत्नी वसंती देवी (45), बेटा मनोज (23), मनोज की पत्नी रेशमा (21) और उनकी बेटी संध्या (3) रहते हैं। बुधवार सुबह नौ बजे के करीब धर्मराम को छोड़कर सभी परिजन बेहोश हो गए। उस समय धर्म राम खेत जोतने गए थे।
अर्द्ध बेहोशी की स्थिति में धर्मराम की बहू रेशमा देवी ने पास में रहने वाले परिवार के ही ओमप्रकाश को मोबाइल पर जानकारी दी। इस पर ओमप्रकाश धर्मराम के घर पहुंचा। ओमप्रकाश ने बताया कि घर के सभी सदस्य बेहोशी की स्थिति में थे। उन्होंने इसकी जानकारी 108 सेवा को दी और बीमार परिजनों को लेकर जीप से जौरासी पहुंचे। जौरासी से 108 एंबुलेंस से बीमार लोगों को जिला अस्पताल लाया गया।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एसएस कुंवर ने बताया कि फूड प्वॉइजनिंग से परिवार के लोग बीमार हुए हैं। धर्मराम के भतीजे ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार को गांव के मंदिर में पूजा थी।
दोपहर में सभी ने मीट-भात खाया था। शाम को भी मीट गरम करके खाया। बुधवार सुबह भी परिजनों ने नाश्ते में उसी मीट को खाया। इससे उनका स्वास्थ्य खराब हो गया। डॉ. कुंवर ने बताया कि उपचार के बाद बीमार लोगों के स्वास्थ्य में सुधार है।