गंगोत्री में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
- फोटो : अमरउजाला
उत्तरकाशी में भारी बारिश से गंगोत्री धाम में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। गंगा भागीरथी सहित इसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। गंगोत्री गोमुख क्षेत्र में देवगाड और चीड़वासा गदेरे में आए उफान से दो पुलिया बह गईं।
इससे करीब 50 कांवड़ यात्री भोजवासा, चीड़वासा में फंसे हैं। गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध होने से यातायात ठप है। सोनप्रयाग से केदारनाथ जा रहे पैदल यात्रियों को लिनचोली में रोक दिया गया है। जबकि केदारनाथ में दर्शन करने चुके यात्रियों को धाम में ही ठहरने को कहा गया है। इस सीजन में कपाट खुलने के बाद पहली बार केदारनाथ यात्रा रोकी गई है।
भारी बारिश के चलते गंगोत्री में गंगा भागीरथी पूरे उफान पर है। धाम में बिजली गुल होने से भागीरथी और केदार गंगा का उफान और डरा रहा है। धरासू बैंड नालूपाणी में भूस्खलन होने से गंगोत्री हाईवे दोपहर दो बजे से बंद है।
इसके अलावा धौला-दोणी-मुसाई सड़क अवरुद्ध होने से दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया है। कंचन गंगा में बदरीनाथ हाईवे अवरुद्ध से यात्रा वाहन जोशीमठ और पांडुकेश्वर में ही रोक लिए गए।