बारिश से अब जंगलों की आग भी बुझ गई है। इससे वन विभाग को भी राहत मिल गई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब पूरे क्षेत्र में जंगलों की आग शांत हो गई है। चमोली जिले में करीब एक पखवाड़े से जंगल धू-धू कर जल रहे थे।
वन विभाग लाख कोशिशों के बाद भी वनों की आग नियंत्रण नहीं कर पा रहा था। आग बुझाने के लिए वन विभाग ने एसडीआरएफ का सहयोग भी लिया था। रविवार शाम को हुई बारिश से जंगलों की आग भी बुझ गई है।
हालांकि कुछ इलाकों में वन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था। वन विभाग के जिला नोडल अधिकारी अमित कंवर ने बताया कि जिले में आग से 96.6 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई है। फायर सीजन समाप्त होने के बाद निरीक्षण कर वास्तविक क्षति स्पष्ट हो पाएगी।