यातायात के लिहाज से रुड़की क्षेत्र के लोगों के लिए दोहरी खुशखबरी है। एक ओर जहां यूपी सिंचाई विभाग की ओर से गंगनहर पर पैदल पुल के निर्माण के लिए हरी झंडी मिलने पर राज्य सरकार से बजट जारी होने की राह आसान हो गई है तो वहीं कलियर विधानसभा को रुड़की से सीधे जोड़ने के लिए सीसी पुल का निर्माण शुरू हो गया है। दोनों पुलों के निर्माण से शहर ही नहीं बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी यातायात सुगम होगा और जाम से निजात मिलेगी।
शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने करीब दो साल पहले शासन को गंगनहर पर रेलवे ब्रिज के पास गंगनहर पटरी के इलाके को रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए पैदल पुल का प्रस्ताव भेजा था। करीब तीन करोड़ के बजट वाला यह पुल यूपी सिंचाई विभाग के क्षेत्र में बनना है। लंबे समय से इस पुल के निर्माण के लिए यूपी प्रशासन की ओर से अनापत्ति नहीं मिल पा रही थी। अब पांच नवंबर को यूपी सिंचाई विभाग, मेरठ के अधिशासी अभियंता की ओर से पुल निर्माण के लिए शर्तों के तहत अनुमति प्रदान कर दी गई है।
इसके बाद राज्य सरकार से पुल निर्माण के लिए बजट जारी होने का रास्ता साफ हो गया है। पुल के निर्माण से शहर का यातायात सुगम हो सकेगा। विधायक प्रदीप बत्रा ने बताया कि यूपी सिंचाई विभाग से एनओसी जारी हो गई है। जल्द प्रदेश सरकार से बजट जारी होगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
उधर, करीब एक लाख की आबादी को पिरान कलियर विधानसभा से रुड़की पहुंचने के लिए सोलानी नदी पर पुल के निर्माण का काम भी कार्यदायी संस्था ने शुरू कर दिया है। कलियर विधायक फुरकान अहमद ने बताया कि पुल का बजट 38 करोड़ है। इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पुल बनने के बाद कलियर विधानसभा सीधे रुड़की से जुड़ेगी।
रामपुर चुंगी से पुल तक बनेगा 40 मीटर का रास्ता
पिरान कलियर विधानसभा में सोलानी नदी पर बन रहा पुल इमलीखेड़ा, मेहवड़ खुर्द, मोहम्मदपुर पांडा, मेहवड़ कला, पिरान कलियर, हकीमपुर तुर्रा, ढिलमजरा समेत तमाम गांवों को रुड़की से जोड़ेगा। इन गांवों के लोग इस पुल के जरिये रुड़की में सीधे रामपुर चुंगी पर पहुंचेंगे। प्रस्ताव के तहत पुल से रामपुर चुंगी तक का रास्ता करीब 40 फीट चौड़ा होगा। इससे भारी वाहनों की आवाजाही भी आसान हो जाएगी।
अस्पताल, बाजार, ब्लॉक पहुंचने में आसानी
पुल के बनने से पिरान कलियर क्षेत्र से आने वाले लोगों को रुड़की के बाजार की सड़कों के इस्तेमाल से निजात मिलेगी, जिससे रुड़की में भी जाम की समस्या का समाधान होगा। साथ ही इस पुल के जरिये रुड़की से बाहर रामपुर चुंगी तक पहुंच बनेगी। यहां से बाजार, ब्लॉक और सिविल अस्पताल पहुंचना बेहद आसान होगा। मरीजों को भी अस्पताल पहुंचने में आसानी होगी।