कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
कोटद्वार क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील में ऊर्जा निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर बिजली की सुचारु आपूर्ति की मांग की। चेताया कि बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर अघोषित बिजली कटौती कर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लोगों को 24 घंटे बिजली और पानी देने का वायदा किया था। लेकिन, चुुनाव जीतते ही सभी वादे हवा हवाई हो गए हैं। इन दिनों बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, बिजली कटौती के कारण छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षा की तैयारी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। गर्मी में घंटों तक बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं। उन्होंने बिजली कटौती बंद करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में देवेंद्र भट्ट, शुभलोक रावत, राकेश शर्मा, उमेश बिष्ट, अतुल नेगी, भारत रावत, महेश नेगी, दिनेश शर्मा आदि शामिल थे।