प्रदेश में गर्मी बढ़ने के साथ ही तेजी से बिजली की खपत भी बढ़ रही है। शनिवार को कम बिजली उपलब्ध होने की वजह से करीब दो घंटे की कटौती ग्रामीण क्षेत्रों और आधा घंटे की कटौती उद्योगों में करनी पड़ी। हालांकि रविवार को हालात सामान्य रहे। अब सोमवार को भी सामान्य आपूर्ति रहने का अनुमान है।
दरअसल, जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे ही यूपीसीएल की बिजली डिमांड 40 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई है। रोजाना 31 से 32 मिलियन यूनिट तो उपलब्ध होती है लेकिन आठ से दस मिलियन यूनिट खरीदनी पड़ रही है। शनिवार को बिजली किल्लत होने की वजह से यूपीसीएल को उद्योगों में आधा घंटे और ग्रामीण इलाकों में करीब दो घंटे की कटौती करनी पड़ी। यूपीसीएल के अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को आपूर्ति सामान्य रही। कहीं भी बिजली कटौती नहीं हुई।
ये भी पढ़ें...
दुस्साहस: सीओ को कार से कुचलने की कोशिश, युवक को निर्वस्त्र कर नागिन डांस कराने के आरोपियों को पकड़ने गई टीम पर हमला
रविवार को अपेक्षाकृत 37 मिलियन यूनिट के आसपास की डिमांड रही। यूपीसीएल ने शनिवार को रविवार के लिए जो बिजली खरीदी थी, उसका मूल्य करीब दस रुपये प्रति यूनिट था लेकिन रविवार को सोमवार के लिए जो बिजली खरीदी गई है, उसकी कीमत 12 रुपये प्रति यूनिट है। यूपीसीएल को लगातार महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। नेशनल एक्सचेंज में बिजली की कीमत 20 रुपये तक जा रही है। यूपीसीएल ने उम्मीद जताई है कि सोमवार को भी आपूर्ति सामान्य ही रहेगी।