राजधानी देहरादून में जिला निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने चुनाव ड्यूटी में लगने वाले कार्मिकों की पहली सूची फाइनल कर दी है।
जिले के 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 1541 बूथों पर कार्मिकों का पहला रैंडेमाइजेशन कर दिया गया है। 25 फीसदी कार्मिकों को रिजर्व में रखा गया है।
ऐसे होगी तैनाती
प्रत्येक बूथ पर चार कार्मिक तैनात किए जाते हैं। इस तरह जिले के विधानसभा क्षेत्रों में 8882 कार्मिक तैनात किए जाएंगे।
मतदान बूथों पर तैनात किए जाने वाले पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को प्रथम तैनाती आदेश जारी कर दिए गए हैं। शेष कार्मिकों की सूचना उनके विभागाध्यक्ष, कार्यालयाध्यक्ष के माध्यम से भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी पीठासीन अधिकारियों और बूथवार पोलिंग पार्टी की सूचना कार्मिकों को प्रस्थान के पूर्व दी जाएगी कि किसकी ड्यूटी किस मतदान केंद्र में लगी है।
मतदान कार्य के लिए 12000 कार्मिकों के नाम कंप्यूटर में फीड किए गए हैं। दूसरा रैंडेमाइजेशन पर्यवेक्षक के सामने किया जाएगा। इस मौके पर एडीम वित्त प्रताप सिंह शाह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोनिका, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रतन सिंह चौहान मौजूद रहे।
पानी देख हुए नेता पानी-पानी
ग्रामसभा बंजारावाला क्षेत्र में जब नेता पदयात्रा पर निकले तो लोगों ने पानी की हालत दिखाई। पाइप लाइन लीकेज होने की वजह से लोगों के घरों में गंदा पानी आ रहा है। हालत देख नेता पानी-पानी हो गए। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल ने वहीं से अधिकारियों को फोन करके पाइप लाइन दुरुस्त करने के लिए कहा।
अल्पसंख्यक सम्मेलन किया
भाजपा अंबेडकनगर अल्पसंख्यक मोर्चा के सम्मेलन का आयोजन हिंदी भवन में किया गया। इस मौके पर भाजपा की टिहरी लोकसभा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता देखकर उनमें उत्साह है। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष नीलम सहगल, मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रमजान अली, रईस अंसारी, तौसीफ कुरैशी, एहसान अहमद आदि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गीता के पाठ और नज्म से हुई थी।
विश्व समुदाय के आदर्श राम
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने वार्ड सात विजय कालोनी स्थित शिव मंदिर में हवन पूजन किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीयों के ही नहीं विश्व समुदाय के आदर्श आराध्य हैं। इस मौके पर विधायक जोशी की पत्नी निर्मला जोशी, लक्ष्मी बहुखंडी, पन्ना गौड़, सत्येंद्र नाथ आदि रहे।
सीएम को समस्याएं बताईं
कांग्रेसियों का प्रतिनिधि मंडल बीजापुर गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री हरीश रावत से मिला और उन्हें मोथरोवाला क्षेत्र की समस्याएं बताईं। इस मौके पर अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष हाजी नूर हसन, इंटक के जिला उपाध्यक्ष अख्तर, अजय सक्सेना, अकबर रब्बानी, मोहम्मद आरिफ, शमशाद, गुड्डू अंसारी, करन सिंह सैलाल, पवन सिंह, कृपाल नेगी आदि रहे।
पदाधिकारियों की घोषणा
भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ परवादून के जिला संयोजक नीरज सिंघल ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का सह संयोजक रतन सिंह चौहान और अनुराधा वालिया को घोषित किया है। इस मौके पर बैठक में बीएम शर्मा, अजय कुमार गुप्ता, संजीव कुमार, संजीव कुमार चौधरी, मोहम्मद तैयब हसन आदि रहे।