उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना की उलटी गिनती आज (मंगलवार) से शुरू हो गई है। इसके साथ ही शासन भी अपने स्तर पर होमवर्क की कवायद में जुट गया है। नए मुख्यमंत्री के सामने राज्य की तस्वीर प्रस्तुत करने के लिए सभी विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उनसे विकास कार्यों और परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तलब की गई है।
वित्तीय और भौतिक प्रगति की देनी होगी जानकारी
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों और प्रभारी सचिवों को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि प्रदेश में सरकार के गठन की प्रक्रिया गतिमान है। 10 मार्च के उपरांत गठित होने वाली सरकार के उपयोग के लिए प्रशासकीय विभागों के कामकाज से संबंधित जानकारी की आवश्यकता होगी।
इसके अलावा उन सभी महत्वपूर्ण प्रकरणों का विवरण देने को कहा गया है, जो राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित हैं। वहीं, इन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए किए गए सुधार से संबंधित एजेंडे की जानकारी भी देनी होगी। विभागों से कहा गया है कि इससे हटकर यदि वे कोई और महत्वपूर्ण जानकारी देना चाहते हैं तो वह भी दे सकते हैं। अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) आनंद बर्द्धन की ओर से जारी आदेश में सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी रिपोर्ट जल्द से जल्द नियोजन विभाग व अपर सचिव मुख्यमंत्री सोनिका को उपलब्ध कराएंगे।
राजनीतिक दल भी जुटे होम वर्क में
शासन से इतर भाजपा और कांग्रेस भी सरकार बनाने की संभावना को लेकर होमवर्क में जुटे हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेता उन प्रत्याशियों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने चुनाव में तगड़ी चुनौती पेश की है। सियासी हलकों में कुछ प्रत्याशियों की जीत की संभावनाओं को लेकर भी खूब चर्चाएं हो रही हैं। दोनों ही दल पूर्ण बहुमत मिलने या न मिलने, दोनों ही संभावनाओं के आधार पर अपनी रणनीति बना रहे हैं।