आम आदमी पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड के लोगों को तीसरी ऐतिहासिक गारंटी दी है। उनकी इस घोषणा से साफ हो गया कि आप सर्व धर्म पार्टी है और सभी धर्मों में अपना पूर्ण विश्वास रखती है।
कोठियाल ने कहा कि आप की सरकार बनने पर उत्तराखंड के लोगों को अयोध्या में रामलला के मुफ्त दर्शन कराए जाएंगे, जिसमें आना-जाना, रहना व खाना- सब खर्चा सरकार वहन करेगी। मुस्लिम समुदाय के लोगों को अजमेर शरीफ की मुफ्त यात्रा तो सिख समुदाय के लोगों को करतारपुर साहिब के मुफ्त दर्शन करवाए जाएंगे।
कांग्रेस-भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह दोनों ही दल सिर्फ धर्म की राजनीति तक सीमित हैं। 21 सालों में दोनों ही दलों ने धर्म के नाम पर लोगों के साथ छल किया है। प्रदेश के लोगों को अब दोनों ही दलों का खेल समझ में आ चुका है। अब लोग आप पर भरोसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की घोषणा सिर्फ घोषणा नहीं होती, बल्कि वो गारंटी होती है, जो सरकार बनते ही पूरी होनी तय है।