मूल रूप से बड़ालू के किसान परिवार की निकिता का जन्म 20 दिसंबर 2006 को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में हुआ। कक्षा तीन तक की शिक्षा बड़ालू प्राइमरी स्कूल से प्राप्त करने के बाद खेलों में ज्यादा रुचि लेने के कारण उसके फूफा बिजेंद्र मल्ल निकिता को पिथौरागढ़ ले आए।
सेना के खिलाड़ी ओर रिटायर्ड कोच मल्ल के यहां रहकर निकिता ने कक्षा चार से 10 तक की शिक्षा पीएनएफ पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ से शिक्षा ली। बॉक्सिंग में ज्यादा रुचि होने के कारण फूफा बिजेंद्र मल्ल ने उसे चार चार घंटे प्रेक्टिस कराई। वर्ष 2016 में उन्होंने पहली बार स्पोर्टस स्टेडियम पिथौरागढ़ में हुई प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। 2016 में मिनी स्टेट कोटद्वार, जिला स्तरीय टूर्नामेंट पिथौरागढ़ ओर बंगापानी के साथ ही 2017 और 2018 में सब जगह हुई प्रतियोगिता में वह हारती रहीं। हारते रहने के साथ वह जीतने का जुनून भी मन में पालती रही। 2018 में 13 साल की उम्र में वह पहली बार सब जूनियर स्टेट में चैंपियन बनी। 2019 फिर से स्टेट चैंपियन, अंडर 17 में भी गोल्ड मैडल जीता। 2019 में नेशलल खेलने में पहला कास्य पदक मिला।