रुड़की में नशीली दवाई बिक्री की सूचना पर पुलिस ने एक मेडिकल पर छापामारी की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक मेडिकल स्वामी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मेडिकल स्वामी के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद पंजाब पुलिस वापस बैरंग लौट गई।
बृहस्पतिवार को पंजाब के जिला पटियाला के थाना राजपुरा के एसआई बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ गंगनहर कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने इंस्पेक्टर राजेश साह से मुलाकात की। साथ ही बताया कि उन्होंने तीन मार्च को नशीली दवाइयों के साथ एक आरोपी अवतार सिंह को गिरफ्तार किया था।
उसके पास से बड़ी संख्या में नशीली दवाइयां बरामद की थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया था कि वह रुड़की के सुनहरा स्थित एक मेडिकल से नशीली दवाइयां लाता था। मामले की जानकारी देने पर पंजाब पुलिस स्थानीय पुलिस को साथ लेकर सुनहरा रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंची।
वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले मेडिकल स्वामी मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि दुकान स्वामी के न मिलने पर पंजाब पुलिस वापस लौट गई। स्थानीय स्तर पर मेडिकल स्वामी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।