देहरादून। महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की शुरूआत के साथ ही अगले एक साल के भीतर दून की सूरत बदलनी शुरू हो जाएगी। परियोजना के तहत होने वाले ज्यादातर कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द धरातल पर इसके काम शुरू होंगे। इससे जहां शहर के लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी, वहीं शहर भी खूबसूरत नजर आएगा। तकनीक के इस्तेमाल से लोगों को विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर काटने से भी राहत मिलेगी।
आईसीसीसी करने लगेगा काम
इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (आईसीसीसी) के जरिये शहरवासियों को सात अलग-अलग तरह की सुविधाएं एक जगह मिलेंगी। इस सेंटर से बिजली, पानी, यातायात, सीवर जैसी सुविधाओं की मॉनिटरिंग आसानी से होगी।
तीन स्कूल बनेंगे स्मार्ट
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में तीन स्मार्ट स्कूल बनाए जाने हैं। पांच करोड़ से अधिक की धनराशि से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, राजकीय इंटर कॉलेज खुड़बुड़ा और जूूनियर हाईस्कूल खुड़बुड़ा को स्मार्ट स्कूल बनाया जाएगा। इसमें स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी समेत कई सुविधाएं मिलेंगी।
चौड़े और सुंदर होंगे चौराहे
शहर के 22 चौराहों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होना है। इस वर्ष इनमें से कुछ पर काम शुरू हो सकता है। इससे चौराहों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। वहीं, शहर की खूबसूरती में भी इजाफा होगा।
इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी
शहर की सड़कों पर जल्द 30 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी। जल्द बसें उत्तराखंड को मिलने वाली हैं। इन बसों के चलने से यातायात की समस्या का काफी हद तक समाधान होगा। साथ ही डीजल बसों से होने वाले प्रदूषण से भी निजात मिलेगी।
शहर में लगेंगे स्मार्ट पोल
प्रोजेक्ट के तहत शहर में सड़कों के किनारे और यातायात के लिए व्यवधान बने बिजली के खंभे हटाकर उनकी जगह स्मार्ट पोल लगाए जाएंगे। इस एक ही पोल के जरिये विद्युत, वाई-फाई, सीसीटीवी जैसी अन्य सुविधाएं आसानी से मिलेगी।
स्मार्ट टॉयलेट व एटीएम लगेंगे
शहर में जल्द स्मार्ट टॉयलेट और वाटर एटीएम नजर आएंगे। इनके जरिये शहर में नागरिक सुविधाओं में इजाफा होगा। स्मार्ट टॉयलेट पर फीडबैक मशीन भी लगी होगी, जिसके जरिये लोग सुविधाओं को लेकर फीडबैक देंगे।
स्मार्ट होंगी कई सड़कें
हरिद्वार रोड पर रिस्पना पुल से प्रिंस चौक, ईसी रोड पर आराघर से बहल चौक, राजपुर रोड पर घंटाघर से दिलाराम चौक और चकाराता रोड पर घंटाघर से किशननगर चौक को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाना है। इसी वर्ष इस परियोजना पर भी काम शुरू हो जाएगा।
स्मार्ट पार्किंग व ट्रैफिक
शहर में स्मार्ट पार्किंग व ट्रैफिक व्यवस्था लागू होगी। कई जगह इसकी शुरूआत हो चुकी है। सेंसर के जरिये चालक को पता चल सकेगा कि कहां वाहनों के लिए पार्किंग खाली है। वहीं इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम भी काम करने लगेगा।
परियोजना के तहत होने वाले कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब काम शुरू हो जाएंगे। इनमें से कुछ काम ऐसे हैं जो अगले एक साल में पूरे कर लिए जाएंगे। अन्य कार्यों का असर भी दिखने लगेगा। -डॉ. आशीष श्रीवास्तव, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी