रविवार को गढ़ी कैंट क्षेत्र के सेप्टिक टैंक के ऊपर कांटेदार तारों में फंसकर मरी मादा गुलदार की पोस्ट मार्टम रिपोर्ट ने वनाधिकारियों को चौंका दिया। मादा गुलदार के पेट से पान मसाला के पाउच निकले हैं। इसके साथ ही कचरा और कीड़े पाए गए हैं।
इस पर गुलदार के डीएनए सैंपल, कीड़ों और बिसरा को जांच के लिए वन्य जीव संस्थान भेज दिया गया है। सवाल यह है कि पान मसाला के पाउच मादा गुलदार के पेट में पहुंचे कैसे? कुछ अधिकारी इसे वन्य जीवों के व्यवहार में आ रहे बदलाव का संकेत भी मान रहे हैं।
चार साल की मादा गुलदार की मौत पेट में कांटेदार तार घुसने से ही हुई है। पोस्टमार्टम में गुलदार की मौत की वजह अत्याधिक रक्तस्राव पाई गई है। वन विभाग के कुछ अधिकारियों को शक था कि कहीं गुलदार की मौत किसी के जहर देने से तो नहीं हुई? पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट हो गई है कि उसे जहर नहीं दिया गया था, लेकिन गुलदार के पेट से पान मसाला, कचरा और कीड़े निकलने से मामला उलझ गया।