प्रदेश सरकार ने करीब एक सप्ताह बाद सूचना महानिदेशक के पद पर नियुक्ति कर दी है। पिछले दिनों देहरादून जिलाधिकारी के पद से हटाए गए चंद्रेश कुमार यादव को डीजी सूचना नियुक्त किया गया है। जबकि इस पद के लिए जारी किया गया अरविंद ह्यांकि का आदेश निरस्त कर दिया गया है।
शासन ने आईएएस अफसर चंद्रेश कुमार यादव को सूचना महानिदेशक व अपर सचिव सूचना के पद पर नियुक्त किया है। उनके पास खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सुराज एवं भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं जन सेवाएं विभाग के साथ अपर आयुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी बरकरार रहेगी।
इसके अलावा शासन ने आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन नियुक्त किया है। उनके पास संस्कृत शिक्षा एवं सचिव उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की जिम्मेदारी बनी रहेगी। अपर सचिव जनगणना एवं सिंचाई विभाग के पद पर तैनात किशन नाथ को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ अपर सचिव समाज कल्याण, आयुक्त निशक्तजन, निदेशक जनजाति निदेशालय, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम एवं निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है।