पिछले दो साल से पदोन्नति की मांग को लेकर लामबंद उत्तराखंड परिवहन विभाग मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को परिवहन सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा से मिला। पदाधिकारियों ने पदोन्नति पर चर्चा के साथ ही कर्मचारियों को 10 हजार रुपये प्रोत्साहन भत्ता देने की मांग उठाई।
संघ प्रदेश अध्यक्ष सुषमा चौधरी ने परिवहन सचिव को बताया कि परिवहन विभाग के पुनर्गठन शासनादेश में जो त्रुटियां की गई हैं उन्हें दुरुस्त कर नए सिरे से शासनादेश जारी किया जाए। ताकि, प्रशासनिक अधिकारियों के पदों पर कर्मचारियों की पदोन्नति हो सके। कहा कि यदि कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर सकारात्मक विचार विमर्श कर समाधान नहीं किया गया तो परिवहन विभाग मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ एवं परिवहन आयुक्त कार्यालय मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ समेत तमाम कर्मचारी संगठन मिलकर अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
वहीं, परिवहन सचिव ने कहा कि वह इस संबंध में प्रस्ताव अग्रसरित करेंगे। पदाधिकारियों ने परिवहन आयुक्त दीपेंद्र चौधरी से भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, दौलतराम पांडे, विनोद चमोली, ललित मठपाल शामिल रहे।