एमकेपी में फिर चला एबीवीपी का जादू, सभी पदों पर कब्जा
एमकेपी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में एक साल के अंतराल के बाद फिर एबीवीपी का जादू चला। यहां अध्यक्ष समेत सभी पदों पर एबीवीपी के पैनल ने जीत हासिल की। साल 2025 के छात्रसंघ चुनाव को छोड़ दें तो इससे पहले एबीवीपी का ही दबदबा रहा था। मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे तक वोटिंग के बाद शाम परिणाम घोषित किए गए। नतीजों की घोषणा होते ही एबीवीपी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। इसके बाद जीत का जश्न मनाया गया और पूरे पैनल को माला पहनाकर बधाई दी गई।
अध्यक्ष पद पर एबीवीपी की आयुषी पैन्यूली ने 268 मत प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंद्वी प्राची (215 मत) को 53 मतों से पराजित किया। इस पद पर चार मत अवैध और दो मत नोटा पर पड़े। उपाध्यक्ष पद पर भी एबीवीपी की भावना ने 263 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। महासचिव पद पर एबीवीपी की कृति ने 268 मत पाकर प्रीति (199 मत) को हराया। सह-सचिव पद पर भी एबीवीपी की रेनू थापा ने 266 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भी एबीवीपी की परीना ने 263 मत हासिल कर सलोनी (204 मत) को पराजित किया। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर मोनिका रौथान निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
डीबीएस छात्रसंघ की कमान एनएसयूआई के अभिनव के हाथ
डीबीएस पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के अभिनव कफलिया ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने एबीवीपी के अभिषेक नेगी को 94 मतों से पराजित किया। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच सीधा मुकाबला था। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी सौरभ और महासचिव पद पर एनएसयूआई समर्थक देवाशीष निर्वाचित हुए।
छात्रा आरक्षित संयुक्त सचिव पद पर आर्यन छात्र संगठन की चांदनी राणा ने जीत हासिल की। कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की आरती नेगी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर एबीवीपी की ईशा निर्वाचित हुईं। कार्यकारिणी के चार पदों पर आर्यन छात्र संगठन के प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। इनमें श्रीशांत चमोली, अखिल रावत, अनुष्का रावत और प्रीति बंगवाल शामिल हैं।
दून विवि में प्रज्ज्वल भट्ट अध्यक्ष व वैभव बर्थवाल सचिव निर्वाचित
दून विश्वविद्यालय के छात्र परिषद चुनाव शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव में प्रज्ज्वल भट्ट अध्यक्ष व वैभव बर्थवाल सचिव निर्वाचित हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में एबीवीपी पैनल का दबदबा, सभी प्रमुख पदों पर जीत
श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। चुनाव अधिकारी एवं छात्रसंघ निदेशक प्रो. संदीप नेगी के अनुसार अध्यक्ष पद पर साहिल पंवार विजयी घोषित किए गए। उन्हें 388 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी को 113 मत प्राप्त हुए। कुल 506 मतों में चार अवैध और एक मत नोटा के खाते में गया। महासचिव पद पर भी एबीवीपी के रोहित रावत ने जीत हासिल की। उन्हें 394 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी संदेश वर्मा को 97 मत मिले। सात मत अवैध और दो मत नोटा के रहे। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की अर्चना पाल ने 384 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी तलत को 83 मत मिले।
पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे तीन प्रत्याशी
छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर ऋषभ भट्ट, सहसचिव पद पर महक और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सिमरन कौर रैना पहले ही निर्विरोध विजयी घोषित हो चुके थे। ये तीनों भी एबीवीपी पैनल से हैं। इस तरह चुनाव परिणाम के बाद छात्रसंघ के सभी प्रमुख पदों पर एबीवीपी का कब्जा हो गया। वहीं एनएसयूआई पैनल के तीनों प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के दौरान कॉलेज परिसर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मतदान और मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। चुनाव अधिकारी प्रो. संदीप नेगी ने परिणाम जारी करते हुए विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की।