प्रैक्टिस के दौरान देहरादून की मैराथन धावक युवती से अभ्रदता के मामले में पुलिस से शिकायत की गई है। मामला रविवार का बताया जा रहा है। रायपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं इस मामले में पीड़ित ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को ट्वीटर व इंस्ट्राग्राम के माध्यम से शिकायत भी भेजी है।
युवती ने सोमवार को पुलिस को लिखित में शिकायत भेजी है। उन्होंने तहरीर में लिखा है कि वह रविवार करीब सात बजे शाम को अपने भाई के साथ रायपुर थानो मार्ग पर अपनी ट्रेनिंग के लिए जा रही थी।
तभी अचानक एक कार रुकी। कार चालक ने उसके साथ अभ्रदता करते हुए गंदी गालियां भी दी। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत मिल गई है। रायपुर थाना के एसओ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बाजार से लौट रही किशोरी से छेड़खानी, केस दर्ज
लक्सर बाजार से सामान लेने गई किशोरी को गांव के ही एक युवक ने बुरी नीयत से दबोच लिया। साथ ही जबरन खेत में खींचकर ले जाने का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी युवक फरार हो गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र की भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 15 मार्च को उसकी बेटी (15) गांव के पास ही बाजार से सामान लेने के लिए साइकिल से निकली थी। बाजार से घर वापस आते समय रास्ते में गांव के एक युवक ने साइकिल के आगे अपनी बाइक लगा दी। युवक ने उसके साथ छेड़खानी की। साथ ही उसे खींचकर जबरन खेत में ले जाने का प्रयास करने लगा।
बेटी के शोर मचाने पर लोगों को आता देख आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। घर पहुंचकर बेटी ने आपबीती सुनाई। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।