पंजाब के जालंधर में नाके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों को मास्क पहनने का पाठ पढ़ाना हवेली रेस्टोरेंट के सीईओ डीके उमेश को महंगा पड़ गया। नाके पर खड़े पुलिसवालों ने उनकी पिटाई कर दी। डीके उमेश ने पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस कमिश्नर ने मामले पर गंभीरता से संज्ञान लिया और दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
जालंधर-दिल्ली हाईवे पर फगवाड़ा स्थित मशहूर हवेली रेस्टोरेंट के सीईओ डीके उमेश ने बताया कि मंगलवार सुबह 11.30 बजे वह रेस्टोरेंट से घर जा रहे थे। फेज टू रेड लाइट के पास पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। वहां कुछ लोग और पुलिसकर्मी बिना हेलमेट व मास्क के निकल रहे थे। उन्होंने अपनी कार रोकी और वहां खड़े विनय कुमार से पूछा कि लोग बिना हेलमेट व मास्क के क्यों जा रहे हैं।
जालंधर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर मास्क को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं जबकि आप लोगों के चालान भी नहीं कर रहे हैं। इसी बात पर वहां खड़े पुलिस कर्मचारी भड़क उठे और हाथापाई करनी शुरू कर दी।
आरोपी पुलिस वाले साहिल नाहर व हेड कांस्टेबल संजीव कुमार ने उन्हें पीटा। उमेश ने बताया कि वे तत्काल डिवीजन नंबर सात थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। एसएचओ रमनदीप का कहना है कि जालंधर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने साहिल नाहर व संजीव कुमार को सस्पेंड कर दिया है।