इस घटना से कुछ समय पहले ही प्रेमनगर में कुख्यात करन शिवपुरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ज्वैलर को गोली मारकर लाखों के जेवर और नकदी लूट ली थी। कई महीनों की मशक्कत के बाद शिवपुरी को गोवा से पकड़ा जा सका था। इसके साथ ही एक बड़ी चुनौती 2018 में भी पुलिस को मिली थी। उस वक्त राजपुर रोड स्थित गोल्ड लोन कंपनी आईआईएफआर में डकैती डाली गई थी। गनीमत रही कि बदमाश वहां से सिर्फ एक ही गोल्ड चेन ही ले जा पाए थे। करोड़ों का सोना स्ट्रांग रूम में रखा हुआ था, जिसका सिक्योरिटी कोड मैनेजर ने नहीं बताया था। इस डकैती को अंजाम देने वाले बदमाश हरिद्वार में पकड़े गए थे।
खाली थी सड़क तो हरिद्वार की ओर निकल गए बदमाश
राजपुर रोड पर फोर्स का कम होने का पूरा फायदा बदमाशों ने उठाया। उस वक्त राष्ट्रपति का पुलिस लाइन में कार्यक्रम चल रहा था। राजपुर रोड से बहल चौक और ईसी रोड की ओर ट्रैफिक बेहद कम था। इस बात का फायदा बदमाशों ने उठाया और अपनी तेज रफ्तार बाइक से इसी मार्ग से होते हुए निकल गए। सीमाएं बाद में सील हुईं मगर बदमाश इससे बहुत आगे निकल गए। बताया जा रहा है कि बदमाश हरिद्वार की तरफ ही भागे हैं।