आंखों के सामने उजड़ गए आशियाने
शक्तिनहर किनारे कुंजा में महिलाएं स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात कहते कार्रवाई न करने के लिए गुहार लगाती रहीं, लेकिन टीम ने महिलाओं की एक नहीं सुनी। टीम ने जेसीबी से मकानों को तोड़ दिया। अपनी आंखों के सामने अपने आशियाने उजड़ते देख महिलाएं भावुक हो गईं। उधर, मटक माजरी में लोगों ने स्वयं ही मदरसे के अवैध अतिक्रमण को तोड़ना शुरू कर दिया।
यह है पूरा मामला
यूजेवीएनएल ने परियोजना क्षेत्र में शक्तिनहर पटरी के किनारे करीब 600 अतिक्रमण चिह्नित किए थे। गत 19 मार्च को वह दिन आया, जब अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। तीन दिनों में यूजेवीएनएल ही करीब 500 अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। ढालीपुर से कुल्हाल के बीच भी अतिक्रमण हटाया जाना था, लेकिन तब यूजेवीएनएल ने कार्रवाई को रोक दिया था।
ढालीपुर से कुल्हाल के बीच यूजेवीएनएल ने 104 अवैध कब्जे चिह्नित किए थे इनमें 15 पक्के और 89 कच्चे निर्माण थे। सभी अतिक्रमणकारियों को यूजेवीएनएल ने नोटिस जारी कर दिए थे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर यूजेवीएनएल, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के बीच पिछले एक महीने से मंथन चल रहा था। आखिरकार नए साल से पहले अवैध कब्जों पर कार्रवाई के लिए 29 दिसंबर का दिन मुकर्रर किया गया। शाम तक 104 बचे हुए और दो अन्य अतिक्रमण को भी हटाया गया।