राजधानी देहरादून में सोमवार से बढ़े हुए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे। सर्किल रेट में बढ़ोतरी के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिसमें यहां के कई हिस्सों में व्यापक वृद्धि की गई है।
राजपुर और चकराता रोड पर 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होगी, जबकि अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में 50 से 80 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। जानकारों का कहना है कि इससे शहर के बाहरी हिस्सों में भी भूमि के दाम बढ़ जाएंगे।
लंबे समय से सर्किल रेट में वृद्धि की कवायद शासन स्तर पर चल रही थी, जिस पर आखिरकार मुहर लग गई। राजपुर रोड और चकराता रोड में न्यूनतम 10 प्रतिशत और अधिकतम 25 प्रतिशत तक दाम बढ़ाए गए हैं। डालनवाला, न्यू कैंट रोड, सुभाष नगर आदि क्षेत्रों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में न्यूनतम 50 और अधिकतम 80 प्रतिशत रेट बढ़े हैं। इससे प्रेमनगर, डोईवाला जैसे क्षेत्रों में जमीन के दाम आसमान छूने लगेंगे। नए सर्किल रेट राजस्व विभाग की वेबसाइट पर सोमवार सुबह अपलोड किए जाएंगे।