देहरादून में आम आदमी पार्टी के नेता अजय कोठियाल ने दिल्ली के सरकारी स्कूल और मोहल्ला क्लीनिक देखने के लिए विपक्षी दलों को निमंत्रण दिया है। मंगलवार को कोठियाल दिल्ली जाकर स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों का भ्रमण करेंगे।
कोठियाल ने विपक्षी दलों को निमंत्रण दिया कि हमारे साथ दिल्ली चलिए और देखिए कैसे केजरीवाल सरकार ने वहां सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक बनाए हैं। कहा कि आप काम करने वाली पार्टी है, जो कहती है वह करके दिखाती है।
कोठियाल ने बयान जारी कर कहा कि वह 21 दिसंबर को दिल्ली जा रहे हैं। जहां विनोदनगर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या बाल विद्यालय का दौरा करेंगे। दोपहर को मोहल्ला क्लीनिक देखने जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सरकार बनने के बाद कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लीनिक, फ्लाई ओवर के निर्माण में एक मॉडल तैयार किया है।
भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश को लूटने का किया काम
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को बने हुए 21 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस प्रदेश का दुर्भाग्य है कि यहां कांग्रेस और भाजपा प्रदेश के संसाधनों को लूटने के अलावा कोई दूसरा काम नहीं किया। प्रदेश के युवाओं के सामने पलायन के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। पहाड़ की जवानी और पानी आज पहाड़ के काम नहीं आ रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी काम को पूरा करने के लिए नीयत साफ होनी चाहिए, लेकिन उत्तराखंड में दोनों ही दलों की नीयत में खोट है। दिल्ली मॉडल पर सवाल खड़ा करने के बजाय भाजपा और कांग्रेस के नेता दिल्ली चल कर सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक देखें तो बेहतर होगा।