डीएवी पीजी कॉलेज में स्नातक सेमेस्टर प्रथम के प्रवेश के लिए आनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि अब 31 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। पहले प्रवेश की अंतिम तारीख 26 और फिर 30 अगस्त कर दी गई थी।
डीएवी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. हरिओम शंकर ने बताया कि डीएवी पीजी कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम सेमेस्टर प्रथम के सत्र 2021-2022 के प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त कर दी गई है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण आ रही तकनीकी दिक्कतों और रविवार व जन्माष्टमी के अवकाश के कारण पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। पंजीकरण डीएवी पीजी कॉलेज की वेबसाइट www.davpgcollege.in पर किए जा सकते हैं। डीएवी कॉलेज में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी डीएवी कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
कमजोर नेटवर्क बढ़ा रहा छात्रों की दिक्कत
इंटरनेट का कमजोर नेटवर्क ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं की दिक्कत बढ़ा रहा है। इंटरनेट की स्पीड कम होने के चलते विद्यार्थियों को आवेदन फार्म भरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात से खासकर पहाड़ों और दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट की स्पीड धीमी होने की वजह से दिक्कत आ रही है। इससे कई दफा शुल्क भी ऑनलाइन कट जा रहा है, लेकिन आवेदन नहीं हो पा रहा है। फार्म भी पूरी तरह से नहीं भरा जा रहा है। कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि जल्द यह दिक्कत दूर की जाएगी। मीडिया प्रभारी डॉ. हरिओम शंकर ने कहा कि अगर ऑनलाइन पंजीकरण में कोई दिक्कत आती है तो इसका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।