देहरादून। राजधानी में डेंगू के बढ़ते मामलों ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। एक दिन में डेंगू के नौ मामले सामने आए हैं। इससे एक दिन पूर्व यानि बृहस्पतिवार को भी 15 मामले सामने आए थे। डेंगू के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग भी सकते में है।
जिले में अब तक डेंगू के 392 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें से 20 मरीज अभी भी सक्रिय हैं। इन मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इसके अलावा चा मरीजों में चिकिनगुनिया की भी पुष्टि हुई है। पिछले कुछ दिनों में जिस तरह डेंगू के नए मामलों में कमी दर्ज की गई थी लेकिन एक बार फिर से डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों के मुताबिक जिलेभर में टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। लार्वासाइड का छिड़काव बढ़ाने और लोगों के लिए चलाए जा रहे जागरुकता कार्यक्रम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले दो दिनों से डेंगू के अधिक मामले सामने आए हैं। सभी निजी और सरकारी अस्पतालों को फिर से आगाह कर दिया गया है। सभी इंतजाम पूरे रखने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. मनोज कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून।