पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रहे किसान को देहवा नदी पार करते वक्त मगरमच्छ ने निवाला बना लिया।
मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे ज्ञानपुर गौढ़ी निवासी अमरीक सिंह (38) वर्ष पुत्र स्व. हरनाम सिंह देवहा नदी के उस पार से पशुओं के लिए चारा ला रहा था। गौढ़ी घाट पर जैसे ही वह नदी पार करने लगा मगरमच्छ ने उसे दबोच लिया।
उसकी चीख सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद किसान दौड़ पड़े। लेकिन तब तक मगरमच्छ अमरीक को लेकर पानी में चला गया था। जानकारी मिलते ही किसान की मां सुमित्रा कौर, पत्नी छिंदर कौर, पुत्र वीर सिंह (14) और तरन सिंह (9), पुत्री संदीप कौर (11) भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार और रेंजर आरएस मनराल भी मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक किसान का कोई पता नही चला था। बता दें कि क्षेत्र में मगरमच्छ का यह दूसरा हमला है। इससे पूर्व दो अगस्त को भी गांव निवासी संदीप सिंह (14) पुत्र लखमीर सिंह को मगरमच्छ ने निवाला बना लिया था।