रुड़की रास्ते में लिफ्ट लेकर गांव के युवक की बाइक पर बैठना एक महिला को भारी पड़ गया। युवक ने चलती बाइक पर अश्लील हरकत शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसके बाद आरोपी महिला के कान से कुंडल खींचकर भाग निकला।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला कैंट क्षेत्र के एक सिलाई सेंटर पर जाती है। महिला के मुताबिक रास्ते में उसे गांव का एक बाइक सवार युवक मिला। महिला को देखकर युवक ने बाइक पर लिफ्ट देकर आगे तक छोड़ने को कहा। परिचित होने के नाते महिला उसकी बाइक पर बैठ गई।
आरोप है कि युवक ने रास्ते में चलती बाइक पर उसके साथ अश्लील हरकत की। महिला विरोध करते हुए बाइक से नीचे उतरने लगी तो आरोपी ने उसे खींचकर दोबारा बैठाने का प्रयास भी किया। इस पर दोनों के बीच हाथापाई भी हो गई। जिससे महिला के चोट भी आई।
महिला का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी उसके कान से कुंडल खींचकर भाग निकला। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस जांच में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।