देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाश एक महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में चार हजार की नगदी और मोबाइल बताया जा रहा है। बाजार पुलिस चौकी को घटना की सूचना दे दी गई है।
पटेलनगर निवासी किशन पत्नी के साथ शुक्रवार दोपहर कार से घर लौट रहे थे। गुरुद्वारे के पास पत्नी कुछ सामान लेने के लिए कार से उतर गई। इसी बीच बाइक सवार दो युवकों ने पास से निकलते हुए झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया।
अप्रत्याशित घटना से महिला एक बार को घबरा गई। महिला ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश तेजी से भाग गए। कुछ देर में मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि पर्स में चार हजार रुपये की नगदी, मोबाइल के अलावा कुछ कागजात थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।