बदमाश मनोज गूंगा व उसके दो साथी पिस्टल प्वाइंट पर शहर के बीच से बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव ओपी कोहली से इनोवा गाड़ी छीनकर फरार हो गए। बदमाश गाड़ी छीनने के बाद बगला रोड की ओर भागे। पुलिस ने जीपीएस से गाड़ी की लोकेशन ट्रेस करते हुए पीछा किया। काबरेल गांव के पास गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद पीछा कर रही पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया।
बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रधान पद के प्रत्याशी ओपी कोहली प्रचार के लिए शुक्रवार की देर शाम कृष्णा नगर गए थे। उनके साथ पूर्व प्रधान गौरीशंकर अत्री, पूर्व सचिव अमित सैनी भी थे। यह तीनों इनोवा गाड़ी में गए थे।
कृष्णा नगर में रिलायंस फ्रेश से चूना भट्टी रोड पर एडवोकेट प्रेम सिंह चौहान के घर गए थे। करीब 8.30 पर यह प्रेम चौहान के घर से निकलकर गाड़ी की ओर जा रहे थे। गौरी शंकर गाड़ी में सवार हो गए थे।
ओपी कोहली, अमित सैनी गाड़ी के पास पहुंचे ही थे कि तीन युवकों ने कोहली पर पिस्तौल तान दी। तीनों युवकों के पास पिस्तौल थी। एक युवक ने कहा कि गाड़ी की चाबी दो नहीं तो गोली मार देंगे। बदमाशों ने ओपी कोहली से गाड़ी छीन ली। गाड़ी की सीट पर बैठे गौरीशंकर अत्री को पिस्तौल दिखाते हुए नीचे उतारा। इसके बाद बदमाश गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए।
ओपी कोहली ने घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वीटी कराकर पूरे शहर में नाकेबंदी कराई। घटना के बाद अन्य एडवोकेट भी मौके पर पहुंचे।
शहर के बीच गाड़ी छीनने की तीसरी घटना
सिटी के बीच से गाड़ी छीनने की पिछले तीन माह में यह तीसरी घटना है। शुक्रवार को हुई घटना से कुछ दूरी पर ही टाउन पार्क के सामने से तीन महीने से पहले गोली मारकर बदमाश गाड़ी छीन ले गए थे। पिछले महीने बदमाश सुशीला भवन के पास आई 20 गाड़ी छीन ले गए थे। पुलिस इन दोनों मामलों को हल कर बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है।
काबरेल के पास पलटी गाड़ी
पुलिस टीम ने जीपीएस से गाड़ी की लोकेशन ट्रैक करते हुुए पीछा किया। पुलिस की एक गाड़ी बदमाशों का पीछा कर बगला रोड पर पहुंची। बदमाशों की गाड़ी गांव काबरेल के पास डिवाइडर पर असंतुलित होकर पलट गई। पीछा कर रही पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया। घायल हालत में तीनों बदमाशों को अस्पताल लेकर गई।
हमारी टीम ने गाड़ी को बरामद कर लिया है। बगला रोड पर काबरेल के पास गाड़ी बरामद हुई। गाड़ी छीनकर फरार हुए तीनों आरोपी जख्मी अवस्था में है। पुलिस की टीम मौके पर है।
- राजेंद्र कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक, हिसार
गूंगा गैंग ने कार छीन मचाई थी दहशत
गूंगा गैंग ने 31 अक्टूबर की रात सुशीला भवन के पास से सेक्टर-13 के कैटरर राजेंद्र सैनी की आई-20 कार छीनी थी। उसके बाद गैंग के चार सदस्यों ने उसी कार में तोशाम रोड पर जाकर गांव कंवारी के शराब ठेके के कारिंदे से पिस्टल प्वाइंट पर 1800 रुपये छीने थे।
फिर गैंग के सदस्यों ने दो नवंबर की रात मछली मार्केट में प्रॉपर्टी डीलर कृष्ण के दफ्तर के बाहर फायरिंग की थी। उससे अगली रात मनोज गूंगा और उसके साथियों ने पुरानी सब्जी मंडी चौक पर रजिया के धोखे में फायरिंग की थी। वहां तीन युवक छर्रे लगने से घायल हो गये थे। गूंगा गैंग ने छीनी कार में इन वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने गूंगा के चारों साथी पकड़ लिये थे। गूंगा हाथ नहीं लगा था।