ओएनजीसी में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी
- फोटो : अमरउजाला
ओएनजीसी में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने के मामले में पुलिस ने दंपति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक ओएनजीसी में आपरेटर है। आरोपी कई बेरोजगारों से लाखों की रकम ऐंठ चुके हैं। आपरेटर बाकायदा घर जाकर उनका सत्यापन करता रहा था, इसलिए किसी को उन पर शक नहीं हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि ठाकुरपुर निवासी सुमित शाही ने कैंट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ओएनजीसी में नौकरी का झांसा देकर ज्योति आहूजा, उसके पति धीरज आहूजा और आपरेटर ललित कोहली ने ढाई लाख रुपयेठग लिए थे। आरोप है कि ओएनजीसी का फर्जी नियुक्ति पत्र व प्रवेश पत्र आदि बनाकर भी दे दिए।
पहले भी की थी ठगी
विवेचना के दौरान पता चला कि दो साल पहले भी आरोपियों ने अमरजीत, करमजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, गुरदीप सिंह आदि से भी ओएनजीसी में नौकरी के नाम पर 14 लाख रुपये हड़प लिए थे। उन्हें भी फर्जी नियुक्ति पत्र व ओएनजीसी आईकार्ड उपलब्ध कराए गए थे।
साक्ष्यों के संकलन के बाद ज्योति आहूजा, उसके पति धीरज आहूजा और आपरेटर ललित कोहली को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। उधर दो साल पहले ज्योति आहूजा की ठगी का शिकार हुए रणदीप सिंह वालिया ने पुलिस से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।