राजधानी देहरादून में दिन हो या रात चोरों की बारात लोगों और पुलिस का बैंड बजा रही है।
पुलिस से बेखौफ अपराधी वारदात को कोई मौका नहीं चूक रहे। कुछ घंटों के लिए मकान पर ताला लटका नहीं, कि पूरा घर खंगाला डाला। शहर में चोरी का ग्राफ सबसे ऊपर है।
दरअसल पुलिस के साथ चोरों पर लगाम कसने का कोई एक्शन प्लान नहीं है। बीते साल एसएसपी रहे केवल खुराना ने बढ़ती वारदातों के मद्देनजर पुलिस कार्यालय में एंटी थीफ सेल बनाया था, जिसे कामयाबी भी मिली।
लेकिन कप्तान बदलते ही सेल का अस्तित्व खत्म हो गया।
सेल ऐसे कसती थी नकेल
अभी 15 दिन पहले तक पुलिस चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं करती थी। सिर्फ तहरीर पर मुहर लगाकर लोगों को टरका दिया जाता था।
वारदातें जब मीडिया की सुर्खियां बनीं तो अफसर जागे। ताबड़तोड़ एक थाना प्रभारी समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गाज गिरी। रात में गश्त और शहर की घेराबंदी के दावे किए गए, लेकिन वह भी चंद दिन ही चला।
एंटी थीफ सेल में एक दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी तैनात थे। सेल ने एक नंबर प्रचारित किया था कि मकान खाली छोड़ने से पहले लोग पुलिस को सूचना दे दें कि वह कितने दिन के बाहर जा रहे हैं और कब लौटेंगे।
इस आधार पर संबंधित थाना-चौकी पुलिसकर्मियों को मकान के रखवाली की जिम्मेदारी सौंप दी जाती थी। पुलिस गश्त के साथ ही पड़ोसियों को भी सतर्क रखती थी।
तब एक दिन में 10 से 15 सूचनाएं पुलिस तक पहुंचती थी। एक-दो मामलों में लापरवाही पर पुलिस पर कार्रवाई की गाज गिरी थी। कई मायनों में सेल काफी कारगर रहा था।
अब चल रहा चोरी का सीजन
चोरी कब हो जाए, कहा नहीं जा सकता हैं, लेकिन पुलिस के अपराध चक्र के हिसाब से गर्मी में जून माह सबसे संवेदनशील है।
छुट्टियों के चलते इन दिनों यात्रा और रिश्तेदारी में जाने की मारामारी रहती है। ऐसे में मकान पर ताला लटका रहता है। चोर इसकी का फायदा उठाकर सामान उड़ा देते हैं।
चोरी की वारदातों पर पुलिस बेहद गंभीर है। शत-प्रतिशत मामले दर्ज करने के साथ उनके खुलासे में पुलिस को काफी हद तक कामयाबी मिली है। पुराने चोरों पर दबाव बनाने के साथ सुबह तक पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है, क्याेंकि अधिकांश घटनाएं रात दो बजे के बाद हुई हैं।
- अजय रौतेला, एसएसपी
हाल की घटनाएं
- मक्खन विक्रेता के घर चोरी के बाद लगाई आग
- राजश्री ज्वैलर्स से चुराए गए हजारों के जेवरात
- माजरा में मोबाइल की दुकान केउखाडे़ शटर
- शनिदेव मंदिर से अमरीकन गाय की चोरी
- अनारवाला में बिजलीघर गोदाम से हजारों की चोरी
- डालनवाला में मकान से मोटर साइकिल चोरी
भगवान घर भी असुरक्षित
शहर कोतवाली के टैगोर विला शिव मंदिर में मंगलवार रात मुख्य द्वार के ताले तोड़कर चोर दाखिल हो गए। मंदिर के अंदर के ताले तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन सफल नहीं हो सके।
लोगों के जाग जाने से चोरों को भागना पड़ा। सूचना पर पुलिस ने निरीक्षण किया। पहले भी मंदिर में चोरी हो चुकी है।