बिल्डिंग ठेकेदार के मुनीम से धामावाला बाजार में शुक्रवार को सरे बाजार सवा नौ लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। मुनीम उस समय ड्राई फ्रूट खरीद रहा था। बैग गायब होने पर मुनीम चिल्लाने लगा। सीसीटीवी फुटेज में साक्ष्य न मिलने पर पुलिस चोर के बारे में जानकारी नहीं जुटा सकी।
विजय कॉलोनी निवासी कुलदीप सेठी और राजन गोयल संयुक्त रुप से ठेकेदारी करते हैं। शुक्रवार को उनके मुनीम संजीव अग्रवाल निवासी सुद्दोवाला ने राजपुर रोड स्थित एचडीएफसी शाखा से 9 लाख रुपये निकाले थे। यह रकम काले बैग में रख ली। बैग में 35 हजार रुपये पहले से मौजूद थे।
यह रकम लेकर संजीव अग्रवाल मोटरसाइकिल से धामावाला बाजार पहुंचा था, जहां पर वह ड्राई फ्रूट की दुकान पर सामान खरीद रहा था। संजीव ने काउंटर पर ही नोटों भरा बैग रख दिया। इसी दौरान किसी ने काउंटर से बैग साफ कर दिया। सामान खरीदने में मशगूल मुनीम को बैग गायब होने की भनक नहीं लग पाई।
सीसीटीवी कैमरे में नहीं मिला बैग चोर का चेहरा
बैग गायब पाकर मुनीम संजीव चिल्लाता रहा। किसी की भी बैग ले जाने वाले चोर पर नजर नहीं पड़ी। सूचना पाते ही सीओ सिटी मनोज कत्याल, इंस्पेक्टर एसएस बिष्ट ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर चेकिंग भी कराई, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया है। एसपी सिटी अजय सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर चोर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, ठेकेदार राजन गोयल का कहना है कि पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी की साइट पर श्रमिकों के भुगतान के लिए रकम निकाली गई थी।