रुड़की में चोरों ने सिविल लाइंस में अगल बगल की दो दुकानों के शटर उखाड़ दिए। जनरल स्टोर से देसी घी के डिब्बे, नगदी व रिचार्ज कूपन समेत हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पिछली चोरियों का खुलासा न होने के बावजूद पुलिस एक बार फिर खुलासे का दावा कर रही है।
शहर में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में लगातार घटनाओं के बाद अब चोर सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में अपना हुनर दिखा रहे हैं। बुधवार की रात सिविल लाइंस में प्रेम मंदिर चौक के पास मिशन मार्केट में चोरों ने एक फर्नीचर की दुकान का शटर उखाड़ा। फिर शीशा तोड़ कर अंदर घुस गए। हालांकि दुकान मालिक हशमीत के मुताबिक चोर यहां से कोई सामान नहीं ले जा पाए।
उसके बाद बगल के जनरल स्टोर का शटर उखाड़कर हजारों का माल साफ कर दिया। दुकान मालिक अजय जैन के मुताबिक देशी घी के दो डिब्बे, आठ हजार नगद और दो हजार के रिचार्ज कूपन समेत काफी सामान चोर अपने साथ ले गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
कोतवाली प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच कर चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें पकड़कर खुलासा कर लिया जाएगा। दुकानों और घरों में एक के बाद एक लगातार चोरियां हो रही हैं।
इन वारदातों का खुलासा होना तो दूर आधी घटनाएं पुलिस के रिकॉर्ड में ही दर्ज नहीं हो पा रही हैं। शहर में चोरी की लगातार वारदातों से पुलिस के रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे है। वहीं लगातार नुकसान से व्यापारी वर्ग भी नाराज है।