पढ़ने की उम्र में स्कूली छात्र धुंए से खेल रहे हैं। आए दिन देहरादून के हुक्का बारों में स्कूली बच्चे पकड़े जाते हैं।
कभी कोचिंग के बहाने तो कभी स्कूल बंक करके ये छात्र शहर के हुक्का बारों में पहुंच जाते हैं।
सोमवार को भी देहरादून के तीन बारों में छापा मारकर पुलिस ने 17 लड़कों और सात लड़कियों को हुक्के का धुआं उड़ाते पकड़ लिया। सभी स्कूली छात्र-छात्राएं थे। पुलिस ने अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी के बाद उन्हें छोड़ दिया।
पुलिस ने मारा छापा
पुलिस ने चकराता रोड स्थित कुकरेजा बार, राजपुर रोड स्थित ग्रिल और मेकोंजी में छापा मारा। कुकरेजा में 18 छात्र-छात्राएं, ग्रिल में चार और मेकोंजी में दो छात्र हुक्का पीते मिले। पुलिस कार्रवाई के दौरान शराब पी रहे कई युवक भाग निकले।
कुकरेजा बार में पकड़े गए छात्रों में कई अधिकारियों के बच्चे बताए जा रहे हैं। पुलिस उन्हें गढ़ी कैंट कोतवाली ले गई तो उन्होंने रौब जमाने की कोशिश भी की। बाद में अभिभावकों को मौके पर बुलाकर उन्हें सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया।
एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि चेतावनी के बावजूद हुक्का बार चलाने वालों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई
होगी। लाइसेंस रद्द करने के लिए जिलाधिकारी को संस्तुति की जाएगी।
हुक्के से लगती है नशे की लत
जानकार मानते हैं कि बारों में हुक्का पीकर ही छात्र-छात्राओं में नशे की लत लगती है। आगे चलकर वे स्मैक, चरस, गांजा, हेरोइन जैसे नशे का सेवन करने लगते हैं।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...