दो दिन पहले एक स्कूल में छात्रों के बीच हुई जमकर मारपीट के मामले में समझौता हो गया है। पुलिस की उपस्थिति में दोनों पक्षों में न सिर्फ समझौता हुआ। बल्कि छात्रों ने एक दूसरे को गले लगाकर माफी भी मांगी। पुलिस ने चेतावनी देते हुए छात्रों को छोड़ दिया है।
रुड़की क्षेत्र के ढंडेरा गांव स्थित एक स्कूल में दो दिन पहले सुबह के समय प्रार्थना हो रही थी। उसी दौरान दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई थी। बाद में एक छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर नगला इमरती निवासी छात्र से मारपीट कर दी थी। जिसमें छात्र को काफी चोट भी आ गई थी।
छात्र के परिजनों ने मामले की तहरीर कोतवाली रुड़की पुलिस को दी थी। शनिवार को पुलिस ने दोनों पक्षों के छात्रों और उनके परिजनों को कोतवाली रुड़की बुलवाया। यहां पर पहले तो छात्रों ने एक आरोप प्रत्यारोप लगाए। पुलिस के हस्तक्षेप करने पर दोनों पक्ष शांत हुए।
इसके बाद पुलिस ने समझाया तो दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हो गए। दोनों पक्षों ने आपस में हाथ मिलाए और भविष्य में दोबारा झगड़ा न की बात कही। एसआई देवराज शर्मा एवं एसआई भट्ट ने हिदायत दी है कि यदि उन्होंने दुबारा झगड़ा किया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।