कोटद्वार के एक मोहल्ले में आठ साल की बच्ची से दुराचार का आरोपी लॉ स्टूडेंट सोमवार को दिन में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस दो दिन से सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी थी।
शहर से लेकर उसके मूल गांव तक सभी ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। आरोपी को मंगलवार सुबह जिला जज पौड़ी की कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके खिलाफ दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के साथ ही पोक्सो में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मंदीप सिंह (24) मूल रूप से सतपुली के पास कोटा गांव का रहने वाला है। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था, लेकिन पुलिस उसके साथियों और उसके छिपने के ठिकानों पर लगातार दबिश डाल रही थी। सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तड़ियाल चौक के पास उसे दबोच लिया गया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्थानीय एक कालेज में लॉ पांचवें सेमेस्टर का स्टूडेंट है। मेडिकल कराने के बाद मंगलवार को उसे जिला जज कोर्ट में पेश किया जाएगा।