पतंजलि फूड पार्क के बाहर हिंसक झड़प में एक ट्रक कारोबारी की मौत के मामले में योगगुरु रामदेव के भाई रामभरत को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
रामभरत को बुधवार की आधी रात के बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया था। वहीं पुलिस ने बृहस्पतिवार को सात सुरक्षाकर्मियों को भी गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद इन्हें भी जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने पतंजलि फूड पार्क के मुख्य महाप्रबंधक (क्रय) रामभरत को बुधवार की दोपहर ही हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने रात करीब एक बजे रामभरत को एसीजेएम एवं रिमांड मजिस्ट्रेट धीरेंद्र भट्ट के सामने पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सात और गिरफ्तारी
पुलिस ने बृहस्पतिवार को भजनलाल पुत्र धनसिंह निवासी अलवर राजस्थान, राजेंद्र पुत्र सूबे सिंह निवासी सोनीपत हरियाणा, रविंद्र पुत्र बलवान सिंह निवासी झज्जर, अविनाश पुत्र छेदीलाल निवासी सिवली कानपुर देहात, राजेश पुत्र दर्शन निवासी भिवानी हरियाणा, जीवन पुत्र अनौखी लाल निवासी शाहजहांपुर मध्यप्रदेश, अरुण पुत्र चरण सिंह निवासी पंचकुला हरियाणा को भी गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए सातों आरोपी फूड पार्क के सुरक्षा कर्मी है। थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि इन्हें सीसीटीवी फुटेज के के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इन सातों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया।