शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने एक सिपाही की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया। फरार आरोपियों को कुछ देर बाद ही दबोच लिया गया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कालसी थाने का सिपाही (पैरोकार) राजेश रावत शुक्रवार दोपहर घंटाघर से कोर्ट की ओर पैदल जा रहा था। दर्शनलाल चौक के पास तीन शराबी युवक पास से निकलते हुए उसे गालियां देने लगे। सिपाही ने विरोध किया तो तीनों हाथापाई पर उतर आए।
सिपाही आगे बढ़ गया तो तीनों युवक पीछे से आए और धक्का देकर उसे सड़क पर गिरा दिया। तीनों उसे पीटने लगे। शोर सुनकर चौराहे पर तैनात ट्रैफिक सिपाही और महिला होमगार्ड मौके पर पहुंचे तो तीनों आरोपी फरार हो गए।
सिपाही से मारपीट की खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। काफी प्रयासों के बाद तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तीनों नशे में बताए गए हैं। पुलिस ने उनका मेडिकल करा लिया। शाम के समय राजेश रावत की तरफ से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
..और यहां नशे में सिपाही ने पलटी ठेली
मातावाला बाग के पास एक चाट की ठेली पुलिस के ट्रक की टक्कर से पलट गई। लोग जुटे तो पता चला कि चालक सिपाही नशे में है। इस पर जमकर हंगामा हुआ। सिपाही ने ठेली संचालक से माफी मांग ली। नुकसान की भरपाई की तो लोग शांत हुए।
मातावाला बाग के पास चाट विक्रेता हवलदार हर शाम ठेली लगाता है। शुक्रवार शाम भी उसकी ठेली वहां थी। इस बीच सहारनपुर चौक की ओर से आए पुलिस के ट्रक ने ठेली को टक्कर मार दी। हवलदार और चाट खा रहे लोग किसी तरह बच गया, लेकिन ठेली पलट गई। लोग जुटे और ट्रक चालक को उतारा तो पता चला कि वह नशे में है।
इससे लोगों का पारा और चढ़ गया। हालांकि सिपाही ने हेकड़ी दिखाए बिना ही अपनी गलती की माफी मांग ली। ठेली पलटने से हवलदार का काफी नुकसान हुआ। लोगों के कहने पर सिपाही ने तय रकम चुका दी।
इस बीच इसी बीच पुलिस वाहन के टकराने की खबर पर पुलिस टीम भी वहां आ गई। पुलिस ने सिपाही और पुलिस ट्रक को वहां से ले गई। उधर, अधिकारियों ने घटना की जानकारी से इनकार किया।