लाखों का कर्ज उतारने के लिए दो युवकों ने तांत्रिकों के साथ मिलकर ऐसा प्लान बनाया जिसे सुन पुलिस भी दंग रह गई।
रूड़की पुलिस ने गश्ती के दौरान मुजफ्फरनगर के दो आरोपियों को रामपुर चुंगी से प्रतिबंधित कछुए के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो कछुए बरामद किए है। जिनकी कीमत चार लाख रुपये बताई गई है।
गंगनहर पुलिस की गश्ती टीम को रामपुर चुंगी के पास दो युवक संदिग्ध हालात में दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोक लिया और उनकी तलाशी ली तो बैग से दो कछुए बरामद हुए। पुलिस दोनों को गंगनहर कोतवाली ले आई।
पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो आरोपी ने अपने नाम विनोद निवासी ग्राम लछेड़ा जिला मुजफ्फरनगर तथा बबलू निवासी ग्राम बंतीखेड़ा थाना बाबरी जिला शामली बताया। आरोपियों ने बताया कि वह कछुए लक्सर से लाए थे। यह कछुआ उन्हें रामपुर चुंगी पर किसी व्यक्ति को बेचना था।
एसएसआई प्रमोद उनियाल ने बताया कि आरोपी लक्सर में जिस व्यक्ति से कछुआ लेकर आए थे उसकी भी तलाश की जा रही है। इसके अलावा खरीददार को भी चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि दोनों कछुओं को चार लाख रुपये में बेचा जाना था।