बिगड़े काम बनेंगे और भूतप्रेत से छुटकारा मिलेगा। ऐसी ही कई खोखले दावों से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक तांत्रिक को हिरासत में लिया है।
कोतवाली रुड़की अंतर्गत सिविल लाइंस क्षेत्र में एक तांत्रिक मुश्किलें आसान करने, उनके बिगड़े काम बनाने और भूतप्रेत से छुटकारा दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा है। लोगों से उपाय के नाम पर रुपये ऐंठ रहा है।
लोगों की शिकायत पर कोतवाली रुड़की पुलिस की एक टीम तांत्रिक के कार्यालय पर पहुंची। पुलिस तांत्रिक को पकड़कर कोतवाली ले आया। पुलिस तांत्रिक से पूछताछ कर रही है।
अभी मामले के संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। हालांकि तांत्रिक की ठगी का शिकार हुए कई लोग कोतवाली में पहुंचकर पुलिस को उसकी करतूतें बता रहे हैं।