फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हैवान बना पूरा परिवार, बेटे की बेरहमी से हत्या कर शव को जंगल में जलाया

Wed, 14 Jun 2017 09:39 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नारायणबगड़
विज्ञापन
विज्ञापन
एक पूरा पर‌िवार अपने ही बेटे के ख‌िलाफ इस कदर हैवान‌ियत पर उतर आया क‌ि उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं उसके शव को रातों रात जंगल में ले जाकर जला भी द‌िया।
विज्ञापन


ब्लाक के दूरस्थ झिंझौणी गांव में एक युवक की हत्या कर शव को जला दिया गया। मामले में मृतक के ससुर महिपाल सिंह ने मृतक के माता-पिता, बहनोई और भाभी के खिलाफ राजस्व पुलिस में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

बुधवार को राजस्व पुलिस की टीम ने गांव पहुंच कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना शनिवार दस जून की है। झिंझौणी गांव निवासी सुभाष सिंह (25) दिल्ली में नौकरी करता था। वह दस जून की सुबह गांव आया था। गांव में हो रही रामलीला के चलते सुभाष की सास भी ग्वाड़ गांव से झिंझौणी आई थी।
विज्ञापन


रात को सुभाष, उसकी पत्नी ममता और ममता की मां रामलीला देखने गए। सुभाष रामलीला बीच में ही छोड़कर जल्दी घर आ गया। पुलिस में दर्ज मुकदमे के मुताबिक ममता और उसकी मां रामलीला खत्म होने के बाद जब घर पहुंची तो उन्हें सुभाष कमरे में मृत पड़ा मिला।

शव के पास ही सुभाष का पिता रेवत सिंह, मां राजुली देवी, भाभी बबीता और बूंगा गांव निवासी सुभाष का बहनोई इंद्र सिंह खड़े थे। मृतक के ससुर का आरोप है कि मृतक सुभाष के मां-बाप, बहनोई और भाभी ने ममता और उसकी मां को कमरे में बंद कर दिया। फिर सभी सुभाष के शव को जंगल ले गए और वहां जला दिया।
विज्ञापन

हत्या पर गांव वाले चुप

तहरीर के मुताबिक ममता और उसकी मां मुश्किल से कमरे से बाहर निकले। 11 जून को ममता ने घटना की जानकारी अपने पिता ग्वाड़ गांव निवासी महिपाल सिंह को दी। महिपाल सिंह भी दिल्ली में नौकरी करते हैं।

सूचना पर महिपाल सिंह 13 जून की देर शाम को नारायणबगड़ पहुंचे और राजस्व पुलिस में मृतक सुभाष के पिता रेवत सिंह, मां राजुली देवी, बहनोई इंद्र सिंह और भाभी बबीता पत्नी विक्रम सिंह पर सुभाष की हत्या और शव जलाने सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज कराया।

बुधवार को नायब तहसीलदार एसएस बुटोला और राजस्व उपनिरीक्षक पंकज सजवाण के नेतृत्व में राजस्व पुलिस की टीम झिंझौंणी गांव पहुंची। जांच अधिकारी पंकज सजवाण ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

झंझौणी गांव में हुई इस घटना से पूरा गांव स्तब्ध है, लेकिन घटना को लेकर कोई भी ग्रामीण कुछ बोलने को तैयार नहीं है। युवक की हत्या की खबर 11 जून को ही गांव में फैल गई थी लेकिन गांव वालों की ओर से इस बारे में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।

मृतक की पत्नी और उसकी मां की ओर से महिपाल को सूचना देने के बाद ही मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई है। सुभाष का विवाह दो साल पहले ग्वाड़ गांव की ममता से हुआ था और सुभाष की एक वर्ष की बेटी भी है। मामले की जांच कर रहे राजस्व उपनिरीक्षक नीरज सजवाण ने बताया कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें