घायल दारोगा और बंदी को हथकड़ी पहनाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मिर्जापुर कोर्ट में वाराणसी जिला कारागार से पेशी पर आए गए एक कैदी ने बुधवार की दोपहर सुरक्षा की दृष्टि से हथकड़ी लगाने गए एक दारोगा पर पुलिस वैन में ही जानलेवा हमला करते हुए सिर फोड़ दिया।
बंदी ने दारोगा के कमर से पिस्टल निकाल कर गोली मारने का प्रयास किया तभी साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने बंदी को दबोच लिया। घटना की खबर लगते ही पुलिस कर्मियों व कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच व मिर्जापुर कोतवाली पुलिस पहुंच गई।
घायल दारोगा को आनन फानन में मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद कैदी को पकड़ कर कोर्ट में पेश किया। वाराणसी के पुलिस लाइन में तैनात दरोगा जगदीश यादव चार सिपाहियों के साथ वाराणसी के जिला जेल में हत्या के आरोप में बंद चल रहे शतिर अपराधी राजीव उर्फ वकील पांडेय तथा एक अन्य आरोप में निरूद्घ चल रहे अनवर उर्फ कल्लू को लेकर मिर्जापुर पेशी के लिए आए थे।
दोपहर करीब 12 बजे पेशी के लिए बुलावा आया तो दारोगा ने सुरक्षा की दृष्टि से वकील को हथकड़ी लगवाने का प्रयास किया। जिस पर वकील भड़क गया और सिपाही को मारने पीटने लगा। बीच बचाव करने गए दरोगा की हथकड़ी छीन कर हमला करते हुए उनका सिर फोड़ दिया।
इसके बाद उनके कमर में बंधी पिस्टल को छीन कर गोली मारने का प्रयास किया, इसी दौरान सिपाहियों ने उसे दबोच लिया। घटना की जानकारी होने पर क्राइम ब्रांच समेत अन्य पुलिस कर्मी पहुंच गए। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच बंदी को कोर्ट में पेशी के लिए ले गए।
हत्या और लूट का आरोपी है वकील
हत्या का आरोपी वकील पांडेय
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले के गोपीगंज बड़े शिव मंदिर निवासी राजीव उर्फ वकील पांडेय पुत्र सहस राम पांडेय और उसका साथी जावेद अहमद हत्या और लूट का आरोपी है। इन दोनों ने 16 दिसंबर 2012 को गनेशगंज मोहल्ला निवासी मुन्ना सोनी को गोली मार कर हत्या करने के बाद सोने चांदी से भरा बैग लूट लिया था। इस वारदात का खुलासा करते हुए कटरा पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया था।
इस मामले में मुकदमा न्यायालय फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय देवकांत शुक्ला की अदालत में चल रहा है। इसी केस में बुधवार को वकील पांडेय की पेशी थी। आरोपी को प्रभारी विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट पीएन श्रीवास्तव की कोर्ट में पेश किया गया।
जहां कोर्ट ने आरोपी का बनारस में मेडिकल करा कर 24 जून को पेश करने को कहा है। आरोपी पर धारा 302 हत्या, 394 लूट, 120 बी साजिश रचना, 411 बरामदगी के आरोप में मुकदमा चल रहा है।