हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में एक ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव गंगनहर पटरी पर नसीरपुर के पास मिला। परिजनों ने जीजा और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मंगलौक क्षेत्र के मंडावली ग्राम निवासी शेर सिंह पुत्र जगबीर शुक्रवार को पशु चराने के लिए गंगनहर किनारे गया था। काफी देर तक नही लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नसीरपुर के पास नहर पटरी पर उसका शव मिला। उसके माथे में गोली लगी थी।
बहनोई ने दी थी हत्या की धमकी
परिजनों की सूचना पर कोतवाल जेएस पुंडीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर रात मृतक के पिता जगबीर ने ग्राम पचेंडाकलां मुजफ्फरनगर निवासी सुनील पुत्र सुरेंद्र तथा छपार निवासी विपिन दतियाना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सुनील मृतक का जीजा है।
पुलिस के अनुसार सुनील का अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा है। इस संबंध में उसके खिलाफ केस चल रहा है। वह केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था। बताया जाता है कि केस वापस नही लेने पर उसने शेर सिंह की हत्या करने की धमकी दी थी। कोतवाल का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटनास्थल पर मिली बाइक
शेर सिंह का शव जहां मिला उससे कुछ दूरी पर ही पुलिस को एक मोटरसाइकिल मिली जिसकी चेन टूटी हुई थी। मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर यूपी का है। पुलिस का कहना है रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता चलाने का प्रयास किया जा रहा है।