गृह क्लेश में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और घर से फरार हो गया। मामले में पिता की ओर से आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
राजस्व उप निरीक्षक राकेश फर्त्याल ने बताया कि सोमवार रात बाराकोट के पट्टी क्षेत्र इजड़ा के बसौड़ी गांव के बची राम ने अपनी पत्नी सुनीता देवी (35) की हत्या कर दी। दोनों की 15 साल पहले शादी हुई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। बची राम अपने माता-पिता के घर के पास ही दूसरे घर में रहता था।
सोमवार रात 10 बजे वह दोनों माता-पिता के घर खाना खाने के बाद अपने घर सोने के लिए आ गए जबकि बची राम के दोनों बच्चे दादा-दादी के पास ही सो गए। मंगलवार सुबह जब सुनीता देवी का 10 वर्षीय बेटा कमल और सात वर्षीय बेटा सागर मकान में गए तो उन्हें मां बिस्तर पर पड़ी मिली।
मां को उठाने पर जब वह नहीं उठी तो दोनों बच्चों ने दादा-दादी इसकी जानकारी दी। इस पर बची राम के पिता बेनीराम जब कमरे में गए, तो सुनीता को मृत पड़ा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने सूचना राजस्व पुलिस को दी तो नायब तहसीलदार गोपी राम, राजस्व उप निरीक्षक राकेश फर्त्याल आदि मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।