हरिद्वार के कनखल में एक युवक ने अपनी पत्नी के उत्पीड़न से आजिज आकर फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। युवक पेशे से ड्राईवर है।
मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने मायके में बैठी पत्नी के उत्पीड़न से आजिज आकर आत्महत्या करने की बात लिखी है।
मूल रूप से मोहम्मदपुर, भौराकलां, मुजफ्फरनगर निवासी राहुल (32) पुत्र संसरपाल एक वर्ष से राजविहार कालोनी, कनखल में किराए के मकान में रहता था। दो माह पहले मन मुटाव होने पर पत्नी मायके (बुलंदशहर) चली गई थी।
मंगलवार सुबह ड्राइवर राहुल कमरे से बाहर नहीं निकला तो मकान मालिक ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
बीबी की चुन्नी से ही बनाया फंदा
बहुत देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर मकान मालिक ने झांककर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। चुन्नी के फंदे से राहुल का शव पंखे से लटका हुआ था।
सूचना पर एसओ रितेश शाह, चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह कठैत, एसआई भावना कैंथोला मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
थानाध्यक्ष रितेश शाह ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी ही पत्नी का ठहराया है।
उसने लिखा है कि पत्नी के उत्पीड़न से आजिज आकर वह आत्महत्या कर रहा है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उसकी दो बेटियां अपनी मां के साथ रहती हैं।